विधायक नीना वर्मा ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार, राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून को आयोजित होने वाले विशेष टीकाकरण दिवस के पूर्व जिले में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा ने लाल बाग परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली लाल बाग से प्रारंभ होकर मोहन टॉकीज, हटवाड़ा बाजार, आनंद चौपाटी एवं जवाहर मार्ग सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनः लाल बाग पहुंची। रैली में आशा एवं उषा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पोलियो उन्मूलन संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने के लिए प्रेरित किया।
जिले में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,46,177 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 2538 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु 5076 टीकाकर्मी एवं 254 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है तथा पोलियो वैक्सीन एवं आवश्यक सामग्री संबंधित केंद्रों तक पहुंचा दी गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.नरेंद्र पवैया ने बताया कि अभियान की माइक्रोप्लानिंग, वैक्सीन वितरण, कोल्ड चेन प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा प्रत्येक बूथ एवं मोबाइल टीम की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो एक गंभीर एवं अपंगता उत्पन्न करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे 28 जून को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा अन्य परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर के निर्देशन में अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों, मंडियों एवं ईंट भट्टों पर विशेष मोबाइल टीमों की तैनाती की जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त 29 एवं 30 जून को घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो दवा पिलाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि धार जिले ने पूर्व के सभी चरणों में शत प्रतिशत से अधिक कवरेज प्राप्त किया है। इस बार स्वास्थ्य विभाग एवं जिला टीकाकरण शाखा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
*संदेश:-*
*”दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार”*


































