वेकोलि ने रचा नया कीर्तिमान, देश में सर्वाधिक 7 खदानों को मिली 5-स्टार रेटिंग

---Advertisement---

वेकोलि ने रचा नया कीर्तिमान, देश में सर्वाधिक 7 खदानों को मिली 5-स्टार रेटिंग

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग में शानदार प्रदर्शन, सुरक्षित एवं सतत खनन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा सम्मान

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी स्टार रेटिंग मूल्यांकन में देशभर की कोयला कंपनियों के बीच नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वेकोलि की सात खदानों को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जो सभी कोयला कंपनियों में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि सुरक्षित, वैज्ञानिक, पर्यावरण-अनुकूल और सतत खनन के क्षेत्र में वेकोलि की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कोयला मंत्रालय द्वारा जारी मूल्यांकन के अनुसार नागपुर क्षेत्र की पाटणसावंगी भूमिगत खदान, सावनेर माइंस क्रमांक-1 एवं सावनेर माइंस क्रमांक-2, चंद्रपुर क्षेत्र की नांदगांव इंक्लाइन भूमिगत खदान, उमरेड क्षेत्र की मकरधोकड़ा-1 ओपनकास्ट खदान तथा दिनेश/एमकेडी-III ओपनकास्ट खदान और वणी क्षेत्र की मुंगोली ओपनकास्ट खदान को 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है।

इसके अलावा वेकोलि की 25 खदानों को 4-स्टार तथा 15 खदानों को 3-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। इससे स्पष्ट है कि कंपनी की अधिकांश खदानों ने सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितधारकों को बधाई देते हुए कहा कि देश में सर्वाधिक 5-स्टार रेटिंग प्राप्त करना वेकोलि के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान कर्मचारियों की निष्ठा, टीमवर्क, कठोर परिश्रम और पेशेवर उत्कृष्टता का परिणाम है। वेकोलि में सुरक्षित एवं उत्तरदायी खनन सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, नवाचार तथा सतत खनन पद्धतियों के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जाता रहेगा।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली खदानों के समग्र प्रदर्शन का आकलन करने के लिए विकसित की गई है। इसमें वैज्ञानिक एवं सुरक्षित खनन, पर्यावरण प्रबंधन, भूमि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा परिचालन दक्षता जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। यह प्रणाली खनन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ-साथ सतत एवं जिम्मेदार खनन को भी प्रोत्साहित करती है।

वेकोलि की सातों 5-स्टार रेटिंग प्राप्त खदानों ने सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, तकनीकी नवाचार और कर्मचारियों के कल्याण जैसे सभी प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि न केवल वेकोलि बल्कि संपूर्ण कोयला उद्योग के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि भविष्य में भी वेकोलि इसी उत्कृष्टता को बनाए रखते हुए देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति और पर्यावरणीय संतुलन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करती रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment