वेकोलि ने हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
माजरी क्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र का प्रथम पुरस्कार, वेकोलि को मिला ‘बेस्ट PSU पार्टनर’ राष्ट्रीय सम्मान

नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सुरक्षा गारद की परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर टीम वेकोलि को संबोधित करते हुए डॉ. पांडे ने कंपनी के उत्पादन, उत्पादकता, पर्यावरण संरक्षण, खनन कार्यों में सुरक्षा तथा सीएसआर गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने नई तकनीक और आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि वेकोलि इस वित्तीय वर्ष में भी उत्पादन, डिस्पैच एवं ओबी रिमूवल के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कर्मचारियों से कोयला उत्पादन के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुरक्षा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों तथा दसवीं, बारहवीं और उच्च शिक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले कर्मियों के बच्चों को सम्मानित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों एवं खदानों की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र पुरस्कार की श्रेणी में माजरी क्षेत्र को प्रथम, वणी क्षेत्र को द्वितीय तथा उमरेड क्षेत्र को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की एक प्रमुख उपलब्धि के रूप में निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के सफल क्रियान्वयन के लिए कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वेकोलि को प्रदान किए गए ‘Best PSU Partner’ राष्ट्रीय सम्मान की ट्रॉफी सीएमडी को सौंपी। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित समारोह में कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल के हाथों प्रदान किया गया था।
इस अवसर पर बिक्रम घोष ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कंपनी की वित्तीय उपलब्धियों से अवगत कराया। वेकोलि संचालन समिति की ओर से सी. जे. जोसेफ ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डाला।
समारोह में झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा रीना पांडे, उपाध्यक्षा श्रुति परांजपे, निदेशक तकनीकी (परियोजना/योजना) संदीप परांजपे, सीवीओ अजय मधुकर म्हेत्रे, वेकोलि संचालन समिति एवं कल्याण मंडल के सदस्य, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वेकोलि के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।




































