उपचार आपके द्वार” से गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवा

---Advertisement---

“उपचार आपके द्वार” से गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवा

सीसीएल ने चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट को किया रवाना, लातेहार के 23 गांवों के 37 हजार ग्रामीण होंगे लाभान्वित

(सीसीएल) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत दूरस्थ एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “उपचार आपके द्वार” योजना के तहत चौथे मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) को रवाना किया। सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (CSR) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीसीएल की यह पहल खनन प्रभावित एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रही है। नव प्रारंभ की गई मोबाइल मेडिकल यूनिट अगले दो वर्षों तक लातेहार जिले के बारीयातु एवं बालूमाथ प्रखंड के 23 गांवों में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना से लगभग 37 हजार ग्रामीण प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे, जिनमें परियोजना प्रभावित परिवार भी शामिल हैं।

मोबाइल मेडिकल यूनिट अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें सामान्य ओपीडी सेवा, निःशुल्क दवा वितरण, मधुमेह जांच, सीबीसी एवं सामान्य रक्त जांच, टीबी जांच हेतु आरटी-पीसीआर सुविधा, एआई आधारित पोर्टेबल एक्स-रे तथा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के लिए थर्मल स्कैनर जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। डॉक्टर, नर्स एवं कम्युनिटी मोबिलाइजर की टीम सप्ताह में छह दिन गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को उनके घर के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

सीसीएल इससे पहले आम्रपाली-चंद्रगुप्त परियोजना क्षेत्र के चतरा एवं लातेहार जिले के 33 गांवों तथा हजारीबाग क्षेत्र के 20 गांवों में तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट सफलतापूर्वक संचालित कर रहा है। इन योजनाओं को ग्रामीणों से मिले सकारात्मक सहयोग एवं बेहतर परिणामों के बाद इस अभियान का विस्तार किया गया है।

सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि “उपचार आपके द्वार” केवल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की पहल नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करना तथा “टीबी मुक्त भारत” जैसे राष्ट्रीय अभियानों को मजबूत सहयोग देना भी है। आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं के समन्वय से सीसीएल समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment