मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ के योग साधकों ने उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के हास्य योग प्रशिक्षण शिविर में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। 19 से 22 मार्च तक आयोजित इस विशेष शिविर में देशभर से आये योग प्रेमियों को प्रशिक्षण दिया गया जिसमें मनेन्द्रगढ़ की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
हास्य योग सेवा समिति मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष जसवीर सिंह कालरा के नेतृत्व में कुल पांच सदस्यीय दल ने इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के समापन पर योग के राष्ट्रीय गुरु जितेंद्र कोही द्वारा प्रतिभागियों की परीक्षा ली गई। परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को योग शिक्षक के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मनेन्द्रगढ़ से शामिल प्रतिभागियों में अध्यक्ष जसवीर सिंह कालरा, उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सचिव आर पी त्रिपाठी, सदस्य जुगल किशोर केसरवानी तथा शुभांकर चक्रवर्ती शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सफलता प्राप्त कर योग शिक्षक के रूप में अपनी नई भूमिका सुनिश्चित की जो क्षेत्र के लिये गौरव का विषय है।
शिविर के दौरान गुरु जितेंद्र कोही ने “हंसता भारत, स्वस्थ भारत” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए नव-नियुक्त शिक्षकों से समाज में हास्य योग के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हास्य योग ना केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिये भी अत्यंत लाभकारी है और इसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि हास्य योग सेवा समिति देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिये निरंतर कार्य कर रही है। मनेन्द्रगढ़ के इन योग साधकों की उपलब्धि ना केवल जिले का गौरव बढ़ाती है बल्कि आने वाले समय में क्षेत्र में स्वास्थ्य, ऊर्जा और खुशहाली के संदेश को नई दिशा देने का कार्य करेगी।







