माँ नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के समाधान और अधिकारों की लड़ाई के लिए संगठन ने दिखाई एकजुटता, कंपनियों को दी गई चेतावनी
अनूपपुर/जैतहरी। क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का परिचय उस समय देखने को मिला जब माँ नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल गुप्ता ने की, जबकि सीटू नेता जुगुल किशोर राठौर, करतार सिंह, राजा भैया एवं अमर सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में क्षेत्रभर के ट्रांसपोर्टर, व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात संगठन के नवचयनित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती तथा क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नवगठित कार्यकारिणी में दिग्विजय सिंह को अध्यक्ष, करतार सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष, प्रशांत त्रिपाठी को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र पांडे को सचिव, रवि राठौर को कोषाध्यक्ष तथा कमलेश सिंह राठौर एवं मनीष अग्रवाल को मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अनिल गुप्ता ने कहा कि ट्रांसपोर्टर किसी भी उद्योग और विकास कार्य की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए तथा वे हमेशा ट्रांसपोर्टरों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने संबंधित कंपनियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और मनमानी रवैया बंद नहीं हुआ, तो कंपनियों को बड़े आंदोलन का सामना करना पड़ेगा।
मुख्य अतिथियों ने भी अपने संबोधन में संगठन की एकता को ट्रांसपोर्टरों की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही ट्रांसपोर्टर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के शोषण का मुकाबला कर सकते हैं। वक्ताओं ने क्षेत्र में रोजगार एवं परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने में ट्रांसपोर्टरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रांसपोर्टरों ने संगठन की मजबूती बनाए रखने, एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने तथा क्षेत्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। पूरे समारोह में उत्साह, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। कार्यक्रम की सफलता को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही और इसे ट्रांसपोर्टरों की एक नई संगठित शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।





























































