‘सुरक्षा सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ एनसीएल में खान सुरक्षा सप्ताह का समापन, उत्कृष्ट परियोजनाएं हुईं सम्मानित

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के खड़िया क्षेत्र में वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह-2025 के पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस), वाराणसी क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य कोयला खदानों में सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देना, सुरक्षित कार्य संस्कृति को मजबूत करना तथा शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को साकार करना रहा।
कार्यक्रम में महानिदेशक, डीजीएमएस उज्ज्वल ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ उप महानिदेशक डीजीएमएस (उत्तरी क्षेत्र) नीरज कुमार, एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल सहित डीजीएमएस के वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक संघ प्रतिनिधि, सीएमओएआई सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के शुभारंभ में सुरक्षा पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा सभी उपस्थितजनों ने सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने एवं शून्य-क्षति दक्षता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुरक्षा शपथ ली।
मुख्य अतिथि उज्ज्वल ता ने अपने संबोधन में कहा कि उत्पादन और उत्पादकता के साथ सुरक्षा, स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण को समान महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने हरित खनन, ‘जीरो हार्म’ लक्ष्य, सुरक्षा संस्कृति में सकारात्मक बदलाव तथा स्व-नियमन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने खनन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया।
एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम ने कहा कि खनन क्षेत्र में बढ़ते मशीनीकरण के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक आधुनिक बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सुरक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकों, स्वचालन और नवाचार को अपनाने पर बल देते हुए परियोजनाओं के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर को सुरक्षा ज्ञान एवं प्रशिक्षण का उत्कृष्ट केंद्र बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया गया। परियोजना स्तर की ओवरऑल प्रतियोगिता के समूह ‘ए’ में खड़िया परियोजना प्रथम, दुधीचुआ द्वितीय एवं रिलायंस परियोजना तृतीय स्थान पर रही। वहीं समूह ‘बी’ में कृष्णशिला परियोजना ने प्रथम, झिंगुरदा ने द्वितीय और ककरी परियोजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सर्वश्रेष्ठ झांकी श्रेणी में खड़िया परियोजना को आईट्रिपलसी विषय पर प्रथम पुरस्कार, निगाही को द्वितीय तथा ब्लॉक-बी परियोजना को तृतीय पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ स्टॉल श्रेणी में निगाही परियोजना प्रथम और खड़िया परियोजना द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम में एनसीएल सहित सिंगरौली परिक्षेत्र की विभिन्न खनन कंपनियों द्वारा सुरक्षा जागरूकता पर आधारित आकर्षक झांकियों और आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। प्रदर्शनी में सुरक्षित खनन, जोखिम प्रबंधन और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों से जुड़े नवाचारों को प्रस्तुत किया गया।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं ने सुरक्षित, उत्पादक और सतत खनन संचालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।




































