सत्यनिष्ठा से समृद्धि की राह पर एनसीएल, त्रैमासिक सतर्कता अभियान का शुभारंभ
17 अगस्त से 16 नवंबर तक चलेगा अभियान, पारदर्शिता, साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक खरीद और अनुबंधों के समयबद्ध निस्तारण पर रहेगा विशेष जोर
सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशानिर्देशन में आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में निवारक सतर्कता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर त्रैमासिक सतर्कता अभियान का शुभारंभ किया गया। एनसीएल द्वारा यह अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बने सत्यनिष्ठा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम ने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ केवल सतर्कता संबंधी गतिविधियों तक सीमित रहने वाली थीम नहीं है, बल्कि इसे संगठन की दैनिक कार्यप्रणाली और निर्णय प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता को प्रभावी बनाने के लिए विशेष रूप से युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रियाओं, नियमों और दिशा-निर्देशों की पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है। नियमों एवं प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ से न केवल अनियमितताओं की संभावनाओं को कम किया जा सकता है, बल्कि कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ाई जा सकती है।
सीएमडी ने कहा कि समय के साथ सतर्कता की अवधारणा में भी व्यापक बदलाव आया है। अब सतर्कता को केवल भय या जांच की अवधारणा से नहीं देखा जाता, बल्कि यह प्रणाली में सुधार, बेहतर कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और उत्पादकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।
पांच प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा अभियान का फोकस
कार्यक्रम की शुरुआत में एनसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए अभियान के उद्देश्यों और इसकी कार्ययोजना की जानकारी दी।
मुख्य सतर्कता अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान निवारक सतर्कता को मजबूत करने के साथ-साथ संगठन में पारदर्शी, जवाबदेह और सुदृढ़ कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहल की जाएंगी। इसके लिए एनसीएल ने पांच प्रमुख क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित किया है।
इनमें शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, सतर्कता मामलों की प्रभावी निगरानी, क्षमता निर्माण, डिजिटल पारदर्शिता तथा अनुबंधों का समयबद्ध समापन प्रमुख हैं।
क्षमता निर्माण के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया, जेम (GeM) तथा कंडक्ट रूल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिकारियों को नियमों और प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी उपलब्ध कराकर निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
डिजिटल पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यवाही पर जोर
अभियान के दौरान डिजिटल माध्यमों के अधिक प्रभावी उपयोग के जरिए कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिकायतों के निस्तारण और सतर्कता संबंधी मामलों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ लंबित कार्यों के समयबद्ध निराकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न अनुबंधों के समय पर समापन को भी अभियान के प्रमुख फोकस क्षेत्रों में शामिल किया गया है। एनसीएल का उद्देश्य है कि कार्यों में अनावश्यक विलंब को कम करते हुए प्रक्रियाओं को अधिक स्पष्ट, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाया जाए।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई शुरुआत
त्रैमासिक सतर्कता अभियान का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सीएमडी बी. साईराम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
शपथ के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा संगठनात्मक दायित्वों का नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) कमलेश बनसोड ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
26 अक्टूबर से मनाया जाएगा सतर्कता जागरूकता सप्ताह
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष सप्ताह की थीम भी ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ निर्धारित की गई है।
एनसीएल द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह से पूर्व ही त्रैमासिक सतर्कता अभियान की शुरुआत कर संगठन में निवारक सतर्कता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है। अभियान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ऐसी कार्यप्रणाली विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, जिसमें ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता संगठनात्मक संस्कृति का स्थायी हिस्सा बने।




































