सोन नदी पुल पर दर्दनाक हादसा: रेलिंग तोड़ 40 फीट नीचे गिरी कार, तीन युवक घायल
राहगीरों ने नदी में उतरकर बचाई जान, क्रेन से बाहर निकाली गई कार; पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर। बुधवार देर रात जिला मुख्यालय में कलेक्टर बंगले के पास सोन नदी पुल पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की करीब 30 फीट लंबी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 40 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। गनीमत रही कि कार नदी के ऐसे हिस्से में गिरी, जहां पानी की गहराई कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया
जानकारी के अनुसार MP 65-C-7111 नंबर की कार अनूपपुर से पसला की ओर जा रही थी। रात करीब 11:30 बजे सोन नदी पुल पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। टक्कर के चलते कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
राहगीरों ने नदी में उतरकर बचाई जान
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी किनारे उतरकर कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई। इनमें एक युवक को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई थीं
40 फीट नीचे गिरने के बावजूद बची जान
करीब 40 फीट की ऊंचाई से कार के नीचे गिरने के बावजूद तीनों युवकों का गंभीर रूप से घायल नहीं होना राहत की बात रही। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से नदी किनारे गिरी कार को बाहर निकलवाकर थाना परिसर में खड़ा कराया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोका गया, जिसे करीब आधे घंटे बाद बहाल कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों नशे में थे
एसआई कोमल अजरिया के अनुसार कार में सवार अनुभव शुक्ला (32), रतनेश शुक्ला (30) और ऋषि तिवारी (26) शराब के नशे में थे। तीनों अनूपपुर के जमुडी और सकरा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक हादसे के संबंध में घायलों ने फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है। मामले की जांच जारी है



































































