सोनवर्षा में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
एमसीबी/नागपुर। हाइवे पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनवर्षा में मंगलवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले पति ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार सोनवर्षा निवासी भगवती (40 वर्ष) रात में अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका पति पूरनचंद पिता कमला गोंड (40 वर्ष) वहां पहुंचा और अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से भगवती की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा वहीं संदेह के आधार पर पति पूरनचंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
*विवादों के बाद खौफनाक कदम*
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति अपनी पत्नी पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
नागपुर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शेषनारायण सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी। आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।



































