सकोला पंचायत में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, सामूहिक इस्तीफे की मांग
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में सरपंच-सचिव से ग्रामीणों ने मांगा जवाब, पंचायत संचालन और नल-जल योजना को लेकर उठे सवाल
जमुना कोतमा। ग्राम पंचायत सकोला में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंचायत के विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के संचालन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पंचायत पदाधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए पंचायत के नियमित संचालन और विकास कार्यों को लेकर जवाब मांगा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत का नियमित संचालन नहीं होने से आम लोगों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं नल-जल योजना के हैंडओवर और संचालन को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग की
इस दौरान ग्रामीणों ने सरपंच राधा बाई सचिव निरंजन जायसवाल एवं सहायक रमेश विश्वकर्मा से पंचायत संचालन, विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और नल-जल योजना से जुड़े विषयों पर जवाब मांगा। ग्रामीणों ने पंचायत में संचालित योजनाओं, स्वीकृत राशि और विकास कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग रखी
आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए सामूहिक इस्तीफे की मांग भी उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मौके पर भाजपा किसान मोर्चा कोतमा मंडल अध्यक्ष सचिन तिवारी, वार्ड क्रमांक 6 के पंच नरेंद्र साहू सहित विकास साहू, जीतू साहू, रामलाल मोदी, गुड्डू नापित, अमरनाथ साहू, सूरज साहू, भारत लाल विश्वकर्मा, बलराम नापित, ललाऊ यादव, पल्ले साहू, संपत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पंचायत के कार्यों, नल-जल योजना तथा शासकीय राशि के उपयोग की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है





































