शराब दुकान के सामने 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी
कोतमा में घंटों सड़क किनारे पड़ा रहा शव, पुलिस जांच में जुटी; मौत के कारणों का इंतजार
कोतमा। नगर के राष्ट्रीय राजमार्ग-78 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने गुरुवार को एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अशोक चौहान (35 वर्ष), पिता भारत चौहान, निवासी जमुना कॉलोनी वार्ड क्रमांक-6 के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव काफी देर तक सड़क किनारे पड़ा रहा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
नगर पालिका कर्मचारियों की सहायता से शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना ऐसे स्थान पर हुई है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौत के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है लेकिन सोशल मीडिया पर लोग नकली शराब होने का दावा कर रहे हैं और शराब ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं सच्चाई क्या है वह पुलिस के जांच के के बाद ही पता चलेगा














