शॉपिंग कंपलेक्स बना तालाब, दुकानों में घुटनों तक भरता है पानी
कोतमा । नगर पालिका द्वारा स्टेशन चौक के पास एक करोड़ से ज्यादा की लागत से शॉपिंग कंपलेक्स का निर्माण करवाया गया था। घटिया निर्माण एवं गुणवत्ता में कमी के कारण काम्प्लेक्स के बेसमेंट में पिछले 10 शाल से पानी भरता है। आठ दुकानें बनाई गई है । बारिश के दिनों में दुकान के अंदर पानी भर जाने से शटर सहित पूरा समान खराब हो जाता है।
हर साल बारिश में 3 माह तक तलघर में पानी आ जाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जहां एक ओर दुकान बंद करने की मजबूरी रहती है वही दूसरी ओर पूरी बिल्डिंग जर्जर होती जा रही है। कॉम्प्लेक्स के व्यापारी मुकेश जैन, दुलीचंद अग्रवाल, सौरभ, अमित सहित अन्य लोगों का कहना है कि बेसमेंट में पानी भरने से जहां 4 माह तक दुकान ठप्प हो जाती है जिसके बाद जहां समान का नुकसान तो उठाना पड़ता है वहीं दूसरी और किराया भी बराबर देना पड़ता है।
लगातार 3 माह तक पानी भरने के कारण पूरे परिसर मे नमी होने के साथ दुर्गंध भी बनी रहती है और मच्छर भी पनपते है।
एक करोड़ से ज्यादा की लागत से बने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लोगों द्वारा सवाल खड़ा किया जा रहा है। बीच बाजार घटिया निर्माण कर खुलेआम भ्रष्टाचार किया गया।
व्यापारियों एवं नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे ही पानी भरता रहा तो कहीं कोई बड़ी दुर्घटना भी घटित हो सकती हैं। नागरिकों ने जिला कलेक्टर एवं सीएमओ से कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।









































