मनेन्द्रगढ़। सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विकास साहू उर्फ बबलू उम्र 26 वर्ष पिता रामकेश निवासी ग्राम/थाना ब्यौहारी जिला शहडोल (म.प्र.) ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर मनेन्द्रगढ़ में कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता की शिकायत पर प्रारंभिक कार्यवाही महिला थाना शहडोल में की गई थी लेकिन घटना का क्षेत्राधिकार मनेन्द्रगढ़ होने के कारण प्रकरण की केस डायरी मनेन्द्रगढ़ थाना को प्रेषित की गई। इसके बाद थाना मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 36/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था और अपने निवास स्थान पर भी नहीं मिल रहा था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में एक टीम गठित कर शहडोल भेजी गई जहां मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर मनेन्द्रगढ़ लाया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी तथा परिजनों को सूचित किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, उपनिरीक्षक अराधना बनोडे, प्रधान आरक्षक विवेक मणि, आरक्षक शाहबाज और सुमित भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














































