अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय हुए सेवानिवृत्त
कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारियों ने किया सम्मानित
अनूपपुर 2 जून 2026/ शासकीय सेवा की अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय सेवानिवृत हो गए। उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार मे विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय के टीम भावना से किए गए कार्य तथा उनकी कार्य के प्रति सतत रूप से तत्परता प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि अपर कलेक्टर की सुदीर्घ कार्य प्रणाली तथा दीर्घ अनुभव के कारण स्टाफ ने अच्छा रिस्पांस किया, जिससे समय पर कार्यों का संपादन संभव हो सका।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने सेवानिवृत्ति पर अपर कलेक्टर श्री पाण्डेय को भविष्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके अपने अनुभव का लाभ समाज को देते हुए बेहतर परिवार दायित्व के लिए मंगल कामना प्रेषित की।
इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा कि सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय की कार्य-प्रणाली बहुत सी बातें सिखाने वाली है। उन्होंने शासकीय सेवकों को श्री पाण्डेय के अच्छे गुणो को अपनाकर अपने कार्य क्षमता मे वृद्धि करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए श्री पांडेय के उज्ज्वल व सुदीर्घ जीवन की मंगल कामना की।
सेवानिवृत्ति पर अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय ने किए गए कार्यों को याद करते हुए सभी से टीम भावना से कार्य कर जनहित के बेहतर कार्य दायित्व के निर्वहन की कामना की। उन्होंने सहयोग के लिए सभी का आभार भी ज्ञापित किया।
विदाई सह सम्मान समारोह के अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी, जिला पंचायत के जिला समन्वयक (सामाजिक अंकेक्षण) श्री संदीप शुक्ला तथा जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय ने भी विचार व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्ति पर अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय के सुखद व सुदीर्घ जीवन की मंगल कामना व्यक्त की।
इस अवसर पर अनूपपुर, जैतहरी एवं कोतमा के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित थे। अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए अपर कलेक्टर को स्मृति चिन्ह, शाल, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।


































