सेफ क्लिक 2.0 अभियान: बैंक और कॉलेज में 700 से अधिक लोगों को साइबर ठगी से बचाव के दिए गुर

अनूपपुर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा एवं शासकीय तुलसी महाविद्यालय में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के लगभग 100 ग्राहकों तथा शासकीय तुलसी महाविद्यालय के करीब 600 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए। थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह एवं आरक्षक प्रकाश तिवारी ने लोगों को ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, अनजान वीडियो कॉल से बचने, फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से सावधान रहने, सोशल मीडिया पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने तथा ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता बरतने की सलाह दी।
पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी शेयर ट्रेडिंग, क्रिप्टो निवेश, वर्क फ्रॉम होम, लोन एप, कैशबैक, लॉटरी और केबीसी के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया। साथ ही बताया कि ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन दर्ज नहीं करना होता। लोगों से अपील की गई कि किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते खाते फ्रीज कराकर ठगी गई राशि वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सके।
































































