सीसीएल का जनसेवा अभियान: सिलीदीरी बस्ती में लगा नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर, 165 लोगों की हुई जांच

रांची।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केन्द्र गांधीनगर द्वारा सामाजिक दायित्व एवं जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को रांची स्थित सिलीदीरी बस्ती के शांति सदन परिसर में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुल 165 लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन श्रीमती प्रीति सिंह, अध्यक्ष अर्पिता महिला मंडल तथा डॉ. भरत सिंह, सीएमओ इंचार्ज, गांधीनगर सीसीएल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। शिविर में मरीजों की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं हाइपरटेंशन जैसी महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की गईं। इसके अतिरिक्त सामान्य एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार कर उन्हें आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क वितरित की गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छता अपनाने की सलाह दी। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कई लोगों ने पहली बार विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया, जिससे उनमें उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति तिग्गा (सीएमओ एवं सीएसआर इंचार्ज), डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. सत्यप्रकाश रंजन, डॉ. शिल्पी झा एवं डॉ. राहुल ने मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन दिया। वहीं आयोजन को सफल बनाने में श्री मुन्ना कुमार सिंह, श्री कमलेश पंडित एवं समस्त पारा मेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने सीसीएल द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को जनहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ बस्तियों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं, जहां नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। सीसीएल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।





































