सब्जी मंडी के नाम पर सड़क बनी पार्किंग, कोतमा में रोज लग रहा घंटों जाम

---Advertisement---

सब्जी मंडी के नाम पर सड़क बनी पार्किंग, कोतमा में रोज लग रहा घंटों जाम

मुक्तिधाम मार्ग पर थोक सब्जी विक्रेताओं का कब्जा, अस्पताल-स्कूल जाने वालों की बढ़ी परेशानी

रिपोर्टर : भरत मिश्रा, कोतमा

कोतमा। नगर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते नगर के कई हिस्सों में आए दिन घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से आम नागरिकों को यातायात अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग के कारण राहगीरों के लिए निकलना तक मुश्किल हो रहा है।

सुबह से ही सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं बड़े वाहन

नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित मुक्तिधाम के पास थोक सब्जी विक्रेताओं द्वारा दुकानों का संचालन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे से ही सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। इसके बाद सब्जी खरीदने आने वाले लोग अपने दोपहिया वाहन भी सड़क पर खड़े कर देते हैं। देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों और सब्जियों से घिर जाता है और आवागमन बाधित होने लगता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति किसी एक दिन की नहीं है, बल्कि प्रतिदिन इसी तरह जाम की समस्या बनी रहती है। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

अस्पताल और स्कूल जाने वाले मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी

मुक्तिधाम के पास जिस मार्ग पर थोक सब्जी विक्रेताओं की दुकानें संचालित हो रही हैं, उसी रास्ते से नगर पालिका कार्यालय, अस्पताल, छात्रावास और कन्या विद्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक लोगों का आवागमन होता है। सुबह के समय स्कूली बसों की आवाजाही भी रहती है।

वहीं अस्पताल से मरीजों को लाने-ले जाने के लिए एंबुलेंस का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। ऐसे में जाम की स्थिति बनने पर मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लाखों की लागत से बनी मंडी, फिर भी सड़क पर कारोबार

नगर पालिका प्रशासन द्वारा वार्ड क्रमांक 3 में लाखों रुपये की लागत से सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया है। इसके बावजूद थोक सब्जी विक्रेताओं द्वारा किराए के कमरों से कारोबार संचालित करने और सड़क किनारे वाहनों के खड़े किए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर सवाल उठ रहे हैं।

नागरिकों का कहना है कि जब सब्जी व्यापार के लिए मंडी का निर्माण कराया गया है तो उसका व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सड़क को व्यापार और पार्किंग के लिए इस्तेमाल किए जाने से आम जनता को परेशानी हो रही है।

जिम्मेदार विभागों से कार्रवाई की मांग

बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन और पुलिस प्रशासन से वार्ड क्रमांक 4 मुक्तिधाम के पास अस्पताल जाने वाले मार्ग की यातायात व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।

नागरिकों का कहना है कि सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग रोकने, बड़े वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने तथा सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर कारोबार कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि अस्पताल, स्कूल और नगर पालिका कार्यालय जाने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

अब देखना यह है कि लगातार सामने आ रही इस समस्या पर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है और कोतमा के इस प्रमुख मार्ग को जाम की समस्या से कब निजात मिलती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment