सावन की फुहारों के बीच सजा हरियाली तीज का रंग, महिलाओं ने जमकर मनाया उत्सव
मारवाड़ी एवं हरियाली तीज उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भजनों और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने बांधा समां

राजनगर। सुमिता शर्मा-तेजस्विनी शाखा द्वारा होटल हसदेव इन, मनेन्द्रगढ़ में मारवाड़ी एवं हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत, नृत्य और हंसी-खुशी से सराबोर इस आयोजन ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सावन की खुशियों को साझा किया और पारंपरिक संस्कृति के साथ आधुनिक मनोरंजन का भी आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना एवं महाराजा अग्रसेन के स्मरण के साथ जयकारों के बीच किया गया। इसके पश्चात पूजा सराफ ने मधुर स्वर में स्वागत गीत एवं भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और मधुर बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उत्सव के दौरान एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। नन्हीं प्रतिभा विहाना फरमानिया ने शिव तांडव स्तोत्र पर दमदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
पूर्वी फरमानिया एवं प्रियंका शर्मा ने यशोदा मां के गीत पर वेस्टर्न एवं मॉडर्न अंदाज का सुंदर समावेश करते हुए आकर्षक सावन नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं समिदि शर्मा ने ‘बरसो रे मेघा’ गीत पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सावन की फुहारों जैसा माहौल बना दिया।
वर्षा अग्रवाल एवं वैभवी ने ‘मम्मा-किड्स’ थीम पर पारिवारिक जुगलबंदी की मनमोहक प्रस्तुति दी। संगीता शर्मा एवं उनकी बहू ने सास-बहू की मीठी नोकझोंक पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया और जमकर तालियां बटोरीं।
पूजा शर्मा, आशा गोयल तथा राजनगर से अतिथि के रूप में पहुंचीं सुमिता शर्मा ने भी अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से मंच पर रंग जमा दिया। वहीं शर्मा फैमिली की बेहतरीन रील मेकिंग प्रस्तुति की भी विशेष सराहना की गई।
कार्यक्रम में श्याम महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीतों का आनंद लिया और पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
खेल, क्विज और लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह
उत्सव को यादगार बनाने के लिए मनोरंजन एवं खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। झूले पर महिलाओं द्वारा लगाए गए मजेदार स्लोगन आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही क्विज प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लकी ड्रॉ ने कार्यक्रम के रोमांच को और बढ़ा दिया।
पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं की खिलखिलाहट, गीत-संगीत और उत्साह देखते ही बन रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सावन ने खुशियों की पूरी पोटली खोल दी हो। पारंपरिक संस्कृति, पारिवारिक जुड़ाव और आधुनिक मनोरंजन के सुंदर समन्वय ने आयोजन को खास बना दिया।
सहभागिता और अपनत्व रहा आयोजन की सफलता का आधार
तेजस्विनी शाखा की पूरी टीम ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय सभी सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता को दिया। आयोजकों ने कहा कि किसी भी आयोजन की वास्तविक खूबसूरती केवल सजावट और भव्यता में नहीं, बल्कि आपसी जुड़ाव, सहयोग, उत्साह और खुशियों को साझा करने में होती है। हरियाली तीज उत्सव ने महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और पारंपरिक पर्व की खुशियां साथ मनाने का अवसर प्रदान किया।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगियों एवं सदस्याओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। सामूहिक उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर
सुमिता शर्मा, राजनगर




































