रक्षाबंधन पर मायके जा रही महिला के परिवार के साथ भीषण हादसा, दो की मौत, 2 गंभीर घायल
कोतमा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मायके राखी बांधने जा रहे एक परिवार के साथ शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ठोड़हा के पास सामने से आ रहे दोपहिया वाहन से हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहन चालकों की मौत हो गई, जबकि महिला सहित दो मासूम बच्चे घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जमुनिहा निवासी रोशनी केवट (30) अपने पति मनोज केवट और दोनों मासूम बेटों मयंक एवं सत्यम के साथ दोपहिया वाहन से अपने मायके छतई जा रही थीं। इसी दौरान थोड़हा के पास सामने से आ रहे दूसरे दोपहिया वाहन से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के चालको की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनोज केवट एवं दूसरे वाहन चालक मानसिंह (34) को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोशनी केवट के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। दोनों बच्चों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन एवं स्थानीय लोग एकत्र हो गए। पर्व की खुशियां मातम में बदलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के द्वारा घटनास्थल पहुंच मार्ग भी क्लियर कराया।
































































