रेलवे अंडरब्रिज में तीन फीट पानी, जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे ग्रामीण
बिलासपुर-कटनी मार्ग के रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक 60 की बदहाली से 15-20 गांव प्रभावित रेलवे की लापरवाही पर उठे सवाल
अनूपपुर।बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक 60 इन दिनों आसपास के ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बने हुए हैं। बरसात के मौसम में अंडरब्रिज क्रमांक 60 में तीन फीट से अधिक पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों-कर्मचारियों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है
इस समस्या से हर्री, बर्री, भगतबांध, सेन्दुरी, चरतरिहा, बिजौड़ी, जल्दा टोला, पसला, मयटोला, मौहरी, अमगवां, महुदा, चांदपुर, छकाड़िया सहित लगभग 15 से 20 गांवों की आबादी प्रभावित हो रही है। इन गांवों के लोगों के लिए अनूपपुर शहर से जुड़ने का यह प्रमुख मार्ग है, लेकिन अंडरब्रिज में पानी भरने के कारण सामान्य आवागमन तक मुश्किल हो गया है।
तीन फीट पानी, रेलवे ट्रैक पार करना मजबूरी
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरब्रिज में कई दिनों तक पानी जमा रहने से लोग मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करते हैं। सबसे अधिक चिंता विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, किसानों, कर्मचारियों, शिक्षकों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर है। ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन लगातार बना रहता है, ऐसे में रेलवे ट्रैक पार करना किसी बड़े हादसे को निमंत्रण देने से कम नहीं है
ग्रामीणों का सवाल
यदि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई और किसी दिन रेलवे ट्रैक पार करते समय कोई दुर्घटना हो गई तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
सड़क भी बनी कीचड़, दोहरी मार झेल रहे ग्रामीण
अंडरब्रिज क्रमांक 60 से जुड़ा बिलासपुर-कटनी मार्ग का रेलवे रोड भी वर्तमान में अत्यंत जर्जर हालत में है। बारिश के कारण पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल चलना और दोपहिया अथवा अन्य वाहनों से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। एक ओर अंडरब्रिज में पानी भरा है, वहीं दूसरी ओर वैकल्पिक मार्ग की स्थिति भी बदहाल है।
रेलवे को देना होगा जवाब
ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी संवेदनशील और वर्षों से आवागमन से जुड़ी समस्या होने के बावजूद रेलवे विभाग द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। बरसात शुरू होने के बाद भी पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज क्रमांक 60 में तत्काल पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, जलभराव की समस्या का तकनीकी समाधान कराया जाए तथा बिलासपुर-कटनी मार्ग से जुड़े जर्जर रेलवे रोड को तत्काल आवागमन योग्य बनाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल सड़क और पानी की समस्या नहीं, बल्कि लगभग 15-20 गांवों के हजारों लोगों की सुरक्षा और रोजमर्रा के आवागमन से जुड़ा गंभीर मामला है। रेलवे प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाना चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना के बाद व्यवस्था जागने की स्थिति निर्मित न हो
































































