रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, डीआरएम से मिला कैट एमसीबी का प्रतिनिधिमंडल
चिरमिरी-रीवा ट्रेन नियमित करने और बिलासपुर ट्रेन को रायपुर तक चलाने उठी आवाज
मनेन्द्रगढ़। रेलवे बिलासपुर मंडल के डीआरएम राकेश रंजन के मनेन्द्रगढ़ दौरे के दौरान कैट इकाई एमसीबी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर क्षेत्र की रेल सुविधाओं और यात्रियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें डीआरएम के समक्ष रखीं।
कैट जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार और जिला प्रभारी रफीक मेमन ने चिरमिरी-रीवा ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन का रायपुर तक विस्तार करने की मांग की गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि इन मांगों के पूरा होने से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी क्षेत्र के यात्रियों को रायपुर, बिलासपुर और रीवा की ओर आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे यात्रियों को हो रही विभिन्न परेशानियों और क्षेत्र में रेल सुविधाओं की जरूरतों की जानकारी भी डीआरएम को दी। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की आवाजाही को देखते हुए रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर किया जाना जरूरी है
डीआरएम राकेश रंजन अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मनेन्द्रगढ़ में रेलवे के ABBS कार्य, रेलवे कॉलोनी, हेल्थ क्लिनिक सहित अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगे।
इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, रिंकेश खन्ना, अशोक डब्बू, शोएब अख्तर, प्रमोद बंसल, विनय जायसवाल और सिराजुल सहित कैट एमसीबी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




























































