कोईलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस और सुरक्षा बल की मौजूदगी के बावजूद बहुमूल्य वनोपज तेंदूपत्ता का अवैध परिवहन धड़ल्ले से जारी है। जागरूक नागरिकों की सूचना पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से 10 बोरे अवैध तेंदूपत्ता जब्त किए। बताया गया कि दमोह और सागर क्षेत्र से आए सैकड़ों ग्रामीण अनूपपुर जिले के जंगलों एवं ग्रामीण अंचलों से चोरी-छिपे तेंदूपत्ता संग्रहित कर ट्रेनों के माध्यम से बाहर भेज रहे हैं।
मंगलवार-बुधवार की रात जागरूक नागरिक संदीप दीक्षित एवं वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल की सूचना पर वन विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां बिलासपुर-भोपाल पैसेंजर ट्रेन में ले जाए जा रहे तेंदूपत्ता से भरे 10 बोरे जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद वनरक्षक राजबली साकेत एवं नर्मदा प्रसाद पटेल ने सुरक्षा की दृष्टि से जब्त माल रेल पुलिस को सुपुर्द किया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 और 4 पर घंटों तक भारी बोरे लेकर बैठे लोगों की न तो जांच की जाती है और न ही समय पर वन विभाग को सूचना दी जाती है, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।






































