रेड क्रॉस समिति द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी

धार भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की युवा रेड क्रॉस जिला शाखा, धार द्वारा प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज ऑफ धार में हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना तथा रक्त संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकप्रिय विधायक माननीय श्रीमती नीना विक्रम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने शिविर का शुभारंभ किया और स्वयं अपना हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण करवाकर युवाओं के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और नियमित जांच करवाना चाहिए, स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की नींव हैं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समन्वय जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सक्रिय जिला प्रतिनिधि श्री विशाल निगम द्वारा किया गया। श्री विशाल निगम ने बताया कि रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा निरंतर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि युवाओं को अपने शरीर की जानकारी हो सके और आवश्यकता पड़ने पर वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के लिए आगे आ सकें। उन्होंने विधायक जी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. रमाकांत मुकुट, श्री अंतर सिंह यादव सहित अन्य सदस्यगण, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर में सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपना हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण करवाया।







































































