राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी ने किया प्रतिभा सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
अनूपपुर। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को अनूपपुर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में कलेक्टर हर्षल पंचोली मुख्य अतिथि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम विशिष्ट अतिथि, एबीवीपी के मध्य क्षेत्र जनजातीय प्रमुख रामाधार सिंह बैस प्रमुख वक्ता तथा अनिल सक्सेना अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव विद्यार्थियों के हाथों में है। उनमें सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्रभाव विकसित कर एक मजबूत भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला प्रमुख छात्र संगठन है। वहीं प्रमुख वक्ता रामाधार सिंह बैस ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। परिषद से जुड़े अनेक कार्यकर्ता आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनिल सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थी परिषद वर्षभर छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित के लिए रचनात्मक गतिविधियां संचालित करती है। संगठन विद्यार्थियों के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता है।
प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में जिला संगठन मंत्री शिवेंद्र, जिला संयोजक प्रणव मिश्रा, नगर मंत्री मयंक गौतम, राजा राठौर, जिला छात्रा प्रमुख नैना कुशवाहा, निशी यादव, राजा बैरागी, चिराग विश्वकर्मा, विवेक, सचिन, आकाश, मनीष, रोहित, साक्षी, आंचल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लवकुश रौतेल ने किया, जबकि अंत में नगर अध्यक्ष दुर्गेश द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




































