राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान: जनहित और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष को मिली नई पहचान
‘प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड-2026’ से सम्मानित हुए अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी, जया प्रदा ने किया सम्मानित

अंबिकापुर। सरगुजा के लिए गौरव का क्षण तब आया जब सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके लंबे संघर्ष को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। हैदराबाद के होटल द पार्क में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें ‘प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जया प्रदा के करकमलों से प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान डॉ. सोनी को सूचना का अधिकार (आरटीआई), जनहित याचिकाओं, सुशासन, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया के संस्थापक मनीष भंसाली द्वारा किया गया, जिसमें देशभर से आए चिकित्सक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां शामिल हुईं।
डॉ. डी.के. सोनी पिछले कई वर्षों से आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और न्याय दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनकी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालय तक पहुंचाया तथा अनेक मामलों में न्याय दिलाने में सफलता हासिल की है।
भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ उनकी सक्रिय भूमिका को भी व्यापक पहचान मिली है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में सरकारी विभागों की अनियमितताओं को उजागर किया, जिसके बाद जांच और कार्रवाई सुनिश्चित हुई तथा कई दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही भी हुई।
डॉ. सोनी की इस उपलब्धि पर अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय बताया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों के संघर्ष का सम्मान है, जो न्याय और अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पहले से अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।



































