रामनगर में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
रिपोर्टर – बी.एल. सिंह

अनूपपुर। नगर परिषद डोला क्षेत्र अंतर्गत रामनगर आरटीओ चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर रात बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रात लगभग 11:30 बजे वार्ड क्रमांक 10 स्थित ट्रांसफार्मर से अचानक तेज लपटें उठने लगीं और धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं। घटना के बाद आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही सब स्टेशन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों छबिलाल पटेल एवं रामनिवास बागड़ी ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और मौके पर पहुंचकर आवश्यक तकनीकी कार्रवाई की। समय रहते विद्युत प्रवाह रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर बिजली बंद नहीं होती तो आग आसपास के क्षेत्रों तक फैल सकती थी।
घटना के दौरान नागरिकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और रेत व मिट्टी डालकर आग को नियंत्रित करने में सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, हालांकि ट्रांसफार्मर के ऊपर बना सुरक्षा शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा विद्युत केबलों को भी नुकसान पहुंचा है।
इस घटना के बाद वार्ड क्रमांक 9, 10 एवं 11 की विद्युत आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। शनिवार सुबह से कॉलरी की इलेक्ट्रिकल टीम मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य में जुट गई। विभागीय स्तर पर बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी और बिजली की अधिक खपत के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली के सीमित और जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता है।
सबएरिया राजनगर ओसीएम के डी.के. रघुवंशी ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण चालू न रखें तथा बिजली बचत में सहयोग करें, ताकि विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त भार कम हो और ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।
































































