राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन
आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

मनेन्द्रगढ़। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी उद्यान खेड़िया टॉकीज चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित कर राजीव गांधी के व्यक्तित्व, विचारों और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम और युवा शक्ति से समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में दूरदर्शी पहल की। सूचना एवं प्रौद्योगिकी, पंचायती राज, युवा सहभागिता और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में उनके प्रयासों को देश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि राजीव गांधी ने बदलते समय की जरूरतों को समझते हुए भारत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिये समर्पित रहा। उन्होंने भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने का सपना देखा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके विचारों और आदर्शों को जन जन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिये।
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि राजीव गांधी ने महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये महत्वपूर्ण पहल की। उनका मानना था कि देश की वास्तविक प्रगति गांव, गरीब, महिला और युवा की भागीदारी के बिना संभव नहीं है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिये साथ ही सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने भारत को नई दिशा दी। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि आज देश जिस डिजिटल दौर में आगे बढ़ रहा है उसकी आधारभूमि तैयार करने में राजीव गांधी की दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनरेश पटेल और जिला कांग्रेस प्रवक्ता भावेश जैन ने कहा कि राजीव गांधी ने ग्रामीण भारत और पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिये महत्वपूर्ण पहल की। सत्ता के विकेंद्रीकरण के माध्यम से गांवों को विकास की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देने की दिशा में उनके प्रयास ऐतिहासिक रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, निर्मला चतुर्वेदी, पूनम सिंह, बलबीर सिंह, अकरम मंसूरी, अमोल सिंह, इमरान खान, फारूक, आशीष राय सहित कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, ब्लॉक कांग्रेस, पूर्व पार्षदों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के आधुनिक, प्रगतिशील, तकनीकी रूप से सक्षम और समावेशी भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया साथ ही उनके विचारों और देशहित में किये गयर कार्यों को सदैव स्मरण रखने की बात कही।



































