पवित्र रक्षा सूत्र से बंधा विश्वास, श्रेष्ठ जीवन की राह पर चलने का मिला संकल्प
ब्रह्माकुमारी बहनों ने विधायक रेणुका सिंह को बांधा रक्षा सूत्र, पवित्रता और जनसेवा के प्रति निष्ठा का दिया संदेश

भरतपुर-सोनहत। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र में भाई बहन के स्नेह और विश्वास के साथ आध्यात्मिकता और संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह को पवित्र रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहन रेखा, बहन ममता और बहन आशा ने आत्मीयता के साथ विधायक रेणुका सिंह की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान वातावरण में आध्यात्मिकता, भाईचारे और आत्मीय स्नेह का भाव दिखाई दिया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने रक्षा सूत्र के माध्यम से पवित्रता, सद्भाव, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ कर्मों के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
यह रक्षा सूत्र मुझे सदैव श्रेष्ठ मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा
रक्षाबंधन के अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने ब्रह्माकुमारी बहनों की निस्वार्थ ईश्वरीय सेवा को नमन करते हुए कहा कि उनके द्वारा बांधा गया रक्षा सूत्र उनके लिये केवल राखी नहीं बल्कि प्रेम, विश्वास, संस्कार और श्रेष्ठ जीवन का संकल्प है
उन्होंने कहा कि बहन रेखा, बहन ममता और बहन आशा द्वारा बांधा गया यह पवित्र रक्षा सूत्र उन्हें सदैव श्रेष्ठ मार्ग पर चलने तथा समाज और जनसेवा के प्रति अपने दायित्वों को और अधिक निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता रहेगा।
विधायक ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई बहन के रिश्ते का पर्व नहीं बल्कि एक दूसरे के प्रति सम्मान, सुरक्षा, प्रेम और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। यह पर्व हमें अपने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने और समाज में प्रेम और सौहार्द बढ़ाने की प्रेरणा देता है
इस अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने प्रदेशवासियों और क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाई बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आये।

































































