पुण्यतिथि पर स्व. सीताराम विश्वकर्मा को श्रद्धांजलि, जरूरतमंदों को बांटी खाद्य सामग्री
जमुना कोतमा पितृ पक्ष के अवसर पर ग्राम सकोला के प्रतिष्ठित एवं सम्माननीय स्वर्गीय सीताराम विश्वकर्मा की 17वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके पुत्र एवं समाजसेवी राजेंद्र विश्वकर्मा ने स्व. सीताराम विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पुण्यतिथि के अवसर पर गरीब एवं जरूरतमंद ब्राह्मण परिवारों के घर पहुंचकर भोजन सामग्री, फल, फूल, गुड़, केला सहित अन्य सामग्री भेंट की गई। राजेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि उनके पिता उनके जीवन के प्रथम गुरु, मार्गदर्शक और आदर्श रहे। वे सदैव ग्रामीणों के सुख-दुख में आगे खड़े रहते थे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे।
उन्होंने बताया कि स्व. सीताराम विश्वकर्मा अपने हंसमुख स्वभाव, अच्छे कर्म, सरल व्यवहार और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता के लिए जाने जाते थे। वे वार्ड क्रमांक 3 के पंच पद पर भी रहे और गांव की सेवा में निरंतर सक्रिय रहे। उनके सेवा भाव और व्यवहार के कारण आसपास के क्षेत्र में आज भी उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने स्व. सीताराम विश्वकर्मा के व्यक्तित्व और समाजसेवा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।







































































