पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए स्कूली विद्यार्थी, थाना कोतवाली का किया भ्रमण
‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ में छात्र-छात्राओं ने समझी पुलिसिंग की बारीकियां, सवाल पूछकर जानी कार्रवाई की प्रक्रिया
अनूपपुर। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश शासन के संयुक्त नवाचार ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के छात्र-छात्राओं को थाना कोतवाली अनूपपुर का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था से परिचित कराना तथा उनके भीतर जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे एवं सूबेदार अम्बरीष साहू के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण जानकारी
थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय अशोक एक्का ने विद्यार्थियों को थाना स्तर पर होने वाली विभिन्न प्रकार की पुलिस कार्रवाई और उससे जुड़े नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किसी घटना या शिकायत के सामने आने के बाद पुलिस किस प्रकार कार्रवाई करती है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में थाने की क्या भूमिका होती है।
विद्यार्थियों को थाना परिसर में संचालित विभिन्न गतिविधियों से भी अवगत कराया गया। इस दौरान डायल-112 की कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीके के बारे में भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने बेझिझक पूछे सवाल
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विशेष रुचि दिखाई। विद्यार्थियों ने पुलिस से जुड़े विभिन्न विषयों पर लगातार सवाल पूछे और थाना स्तर पर होने वाली कार्रवाई को समझने का प्रयास किया। पुलिस एवं शिक्षा विभाग से जुड़े प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान की।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने, किसी भी आपात स्थिति में उचित माध्यम से पुलिस की मदद लेने तथा स्वयं और समाज की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
महिला थाना से पुलिस लाइन तक होगा भ्रमण
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों को पुलिस की विभिन्न शाखाओं और इकाइयों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अंतर्गत महिला थाना, अजाक थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष, पुलिस लाइन एवं दिशा लर्निंग सेंटर का भ्रमण प्रस्तावित है। इन भ्रमणों के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
पुलिस और विद्यार्थियों के बीच संवाद बढ़ाने की पहल
‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम को पुलिस एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है, वहीं पुलिस भी युवा पीढ़ी की जिज्ञासाओं और समस्याओं से सीधे रूबरू होती है।
कार्यक्रम में संजय अशोक एक्का, अम्बरीष साहू, जयपुशु लकड़ा, सरिता लकड़ा, संतोष वर्मा, बृजभान सिंह, नितिन नामदेव, अब्दुल कलीम खान, प्रकाश तिवारी सहित शिक्षा विभाग से संतोष साहू और हरिओम शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में कानून, सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और सवाल-जवाब से कार्यक्रम संवादात्मक और ज्ञानवर्धक बना रहा।














