पति-पत्नी ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ऑक्सीजन बढ़ाने के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं

अनूपपुर। जिले के कोयलांचल नगर अमलाई कॉलरी अंतर्गत एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी निशांत सिंह उर्फ सनी एवं उनकी पत्नी पूजा सिंह, जो वर्तमान में अमलाई डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं, दोनों ने सोमवार को पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर दोनों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। पौधारोपण केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने का संकल्प है
उन्होंने लोगों से अपने घरों के आंगन, गमलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर नीम, पीपल, बरगद, तुलसी, मनी प्लांट सहित अन्य उपयोगी एवं छायादार पौधे लगाने की अपील की। साथ ही कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वह एक स्वस्थ वृक्ष बन सके।निशांत सिंह एवं पूजा सिंह ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पर्यावरण दिवस या किसी भी विशेष अवसर पर पौधारोपण को अपनी परंपरा बनाएं। उनका कहना था कि यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऑक्सीजन की उपलब्धता भी बढ़ेगी और धरती अधिक हरी-भरी बनेगी
































































