पसान में शान से लहराया तिरंगा, हजारों लोगों की मौजूदगी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
अध्यक्ष राम अवध सिंह ने दिया जनता के नाम भावुक संदेश, मेधावी विद्यार्थियों, सफाई कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और साहसी गोताखोर का हुआ सम्मान

जमुना कोतमा पसान अनूपपुर जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद पसान में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से मनाई गई। नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित समारोह में हजारों की संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। पूरा परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा

- कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई इसके बाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राम अवध सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जनता के नाम संदेश का वाचन किया
इसके बाद स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी और भोजपुरी नृत्य, देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। पुलवामा हमले की घटना का सचित्र मंचन भी विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा

मेधावी विद्यार्थियों और कर्मठ नागरिकों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया
समारोह में कुछ दिन पूर्व केवई नदी में 12 वर्षीय बच्चे के डूबने की दुखद घटना के बाद शव को नदी से बाहर निकालने में साहस और मानवीय संवेदना का परिचय देने वाले गोताखोर रामेश्वर केवट को भी सम्मानित किया गया उनके साहस और तत्परता की उपस्थित लोगों ने सराहना की
राम अवध सिंह का जनता के नाम भावुक संदेश
नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और कार्यक्रम मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह उन वीर शहीदों को याद करने का दिन है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया
उन्होंने कहा कि “पसान मेरा अपना परिवार है और यहां रहने वाला प्रत्येक नागरिक मेरे लिए परिवार के सदस्य की तरह है नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा पद मेरे लिए सम्मान से ज्यादा जिम्मेदारी है और जनता की सेवा मेरे लिए सबसे बड़ा धर्म है
राम अवध सिंह ने कहा कि नगर का विकास केवल सड़क, नाली और भवन बनाने तक सीमित नहीं है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि पसान का हर बच्चा अच्छी शिक्षा पाए, युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें, महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता मिले, बुजुर्गों को सुविधाएं मिलें और जरूरतमंद व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब नगर का कोई बच्चा सफलता हासिल करता है, किसी गरीब परिवार के घर में खुशियां आती हैं, किसी बुजुर्ग को सहायता मिलती है या हमारे सफाई कर्मचारी ईमानदारी से नगर को स्वच्छ रखने में अपना पसीना बहाते हैं, तब मुझे लगता है कि नगर पालिका में जिम्मेदारी संभालना सार्थक है
उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस समय अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, उस समय हमारे सफाई कर्मचारी नगर को स्वच्छ बनाने के लिए अपना काम शुरू कर चुके होते हैं उनका सम्मान वास्तव में पूरे पसान का सम्मान है
अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, व्यापारियों और नगरवासियों के योगदान की भी सराहना की उन्होंने कहा कि पसान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है जब हम सभी मिलकर अपने नगर को बेहतर बनाने का संकल्प लेंगे, तभी विकसित और स्वच्छ पसान का सपना पूरा होगा
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए नगर पालिका परिषद पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी
अंत में उन्होंने कहा कि मैं आपसे केवल एक वादा करना चाहता हूं कि आपके सुख-दुख में नगर पालिका आपके साथ खड़ी रहेगी मुझे कुर्सी की नहीं, आपके विश्वास की जरूरत है आपका आशीर्वाद और सहयोग मिलता रहे, हम मिलकर पसान को ऐसा नगर बनाएंगे जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकें
हजारों लोगों की मौजूदगी बनी समारोह की खासियत
स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगर पालिका परिषद परिसर पूरी तरह लोगों से खचाखच भरा रहा नागरिकों ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया सम्मान समारोह के दौरान भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को मिष्ठान का वितरण किया गया
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह, धीरेंद्र सिंह उर्फ मिंटू मंडल अध्यक्ष पसान, भाजपा, अविनाश मरकाम, इंजीनियर, सरोज लोधी, सुशील मिश्रा, अजय यादव संतोष चौरसिया वरिष्ठ पत्रकार सहित समस्त पार्षदगण एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे
पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन संजय त्रिपाठी ने किया भव्य आयोजन के दौरान देशभक्ति, सम्मान और जनसेवा का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया







































































