शिक्षा विभाग पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो का हमला
मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में नियमों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से प्रभार बांटे गये जिससे स्कूलों की व्यवस्था चरमरा गई और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई।
पूर्व विधायक ने कहा कि तत्कालीन कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के कार्यकाल में प्रशासनिक स्तर पर कई ऐसे फैसले लिये गये जिनमें नियम-कायदों की अनदेखी की गई। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में बिना स्वीकृत पदों के कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गईं जबकि दूसरी ओर स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कई शिक्षकों को स्कूलों से हटाकर कार्यालयों में अटैच कर दिया गया। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों और एकल शिक्षक स्कूलों पर पड़ा जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती चली गई।
मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक के प्रभार को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किये। उनका कहना है कि परिवीक्षा अवधि में कर्मचारी को महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी देना शासन के नियमों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र कर्मचारियों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से प्रभार दिये गये।
गुलाब कमरो ने कहा कि प्रशासनिक अव्यवस्था और नियम विरुद्ध फैसलों का नतीजा यह हुआ कि आज एमसीबी जिले की शिक्षा व्यवस्था बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्यवाही नहीं हुई तो वे न्यायालय की शरण लेंगे साथ ही कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता और शिक्षा विभाग में हुई अनियमितताओं की जवाबदेही तय होना जरूरी है।




































