पूजा पैकरा आत्महत्या मामला, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग तेज

---Advertisement---

 

सर्व आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन

कोरिया/बैकुंठपुर। आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा की आत्महत्या के मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कोरिया कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्यवाही करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, IC Mart से जुड़े कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाने की मांग की गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कोरिया जिले में बीते एक माह के भीतर लगातार हुई गंभीर घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पैकरा को लगातार प्रताड़ित किये जाने और उसके साथ मारपीट की जानकारी सामने आई है जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।

गुलाब कमरो ने आरोप लगाया कि यदि राजनीतिक संरक्षण के कारण आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है तो यह न्याय व्यवस्था के लिये उचित संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटी को न्याय दिलाने के लिये प्रशासन को निष्पक्ष और त्वरित कार्यवाही करनी चाहिये। सर्व आदिवासी समाज जिला कोरिया के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और न्यायोचित कार्यवाही नहीं की गई तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिये बाध्य होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस एमसीबी के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह, जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य समाजों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment