पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपी को बिजुरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
वर्ष 2023 से पुलिस को दे रहा था चकमा, गिरफ्तारी के बाद मेडिकल के आधार पर अस्पताल में भर्ती होने पर उठे सवाल
अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़, मारपीट एवं अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राजेश द्विवेदी को बिजुरी पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल भेजे जाने के बाद आरोपी के जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार के लिए भर्ती होने की बात सामने आई है। इस घटनाक्रम को लेकर फरियादी पक्ष ने सवाल उठाए हैं।
14 अप्रैल 2023 को दर्ज हुई थी शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजुरी थाना क्षेत्र की कपिलधारा कॉलोनी निवासी एक नाबालिग लड़की एवं उसके परिजनों ने 14 अप्रैल 2023 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम करीब 7:30 बजे नाबालिग लड़की अपने परिजनों के साथ घर के पास टहलने गई थी। इसी दौरान आरोपी प्रीतम सेन एवं उसका साथी राजेश द्विवेदी, पिता उमाकांत द्विवेदी, निवासी कपिलधारा कॉलोनी बिजुरी, ने कथित रूप से नाबालिग का हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज एवं मारपीट भी की गई।
फरार थे आरोपी
नाबालिग एवं उसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, पॉक्सो एक्ट तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। मामले में आरोपी प्रीतम सेन एवं राजेश द्विवेदी फरार हो गया था। पुलिस वर्ष 2023 से उसकी तलाश कर रही थी।
गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में भर्ती होने पर सवाल
लगभग साढ़े तीन वर्ष से फरार चल रहे आरोपी राजेश द्विवेदी को आखिरकार 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जानकारी के अनुसार, जेल भेजे जाने के बाद आरोपी जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार के लिए भर्ती हो गया। इस घटनाक्रम के बाद फरियादी पक्ष ने आरोपी के मेडिकल एवं अस्पताल में भर्ती होने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, आरोपी की स्वास्थ्य स्थिति और अस्पताल में भर्ती किए जाने के कारणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश द्विवेदी के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर अपराधों के मामले दर्ज है







































































