अनूपपुर 12 अगस्त 2026/ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। किसानों के पास फसल बीमा कराने के लिए केवल 5 दिन शेष हैं। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए बिना विलंब किए अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की है।
योजना के अंतर्गत ऋणी, गैर-ऋणी एवं बटाईदार किसान खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। अतिवृष्टि, सूखा, जलभराव, ओलावृष्टि तथा कीट-व्याधि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाली क्षति की स्थिति में योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमा दावा उपलब्ध कराया जाता है। खरीफ फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होता है, जबकि शेष प्रीमियम का वहन शासन द्वारा किया जाता है।
कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे 17 अगस्त की अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए तत्काल निकटतम बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), लोक सेवा केंद्र अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से बीमा पंजीयन कराएं। समय पर फसल बीमा कराने से प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।



































































