मनेन्द्रगढ़। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरणविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतीश कुमार द्विवेदी ने फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट
अभियान के तहत एक प्रेरणादायक जागरूकता पोस्टर जारी किया है जिसमे उन्होंने नागरिकों से साइकिलिंग अपनाने, पौधारोपण करने, सीड्स बॉल का उपयोग बढ़ाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है।
श्री द्विवेदी कहते हैं कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाये। नियमित रूप से साइकिल चलाये और पर्यावरण संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिये बेहतर और हरित वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने स्कूलों और समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने, लोगों को प्रेरित करने और स्वच्छता अभियान से जुड़ने का भी संदेश दिया। पोस्टर के माध्यम से उन्होंने नागरिकों से फिट इंडिया एंड सेव एनवायरमेंट अभियान में शामिल होकर प्रकृति संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आपको बता दें की सतीश कुमार द्विवेदी लंबे समय से साइकिलिंग, पौधारोपण, सीड्स बॉल अभियान और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिये प्रेरित करते रहे हैं। उनका उद्देश्य स्वस्थ समाज के साथ-साथ स्वच्छ और हरित पर्यावरण का निर्माण करना है।



































