बढ़ती महंगाई को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
मनेन्द्रगढ़। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और जनविरोधी नीतियों के कारण आज आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक परेशान हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि बीते कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने से खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुओं तथा खेती-किसानी में उपयोग होने वाले संसाधनों के दाम भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि खेती में उपयोग होने वाली खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री महंगी हो चुकी है जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। किसान पहले से ही मौसम की मार और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं ऐसे में बढ़ती महंगाई ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
गुलाब कमरो ने कहा कि कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनता से की गई अपील से ही देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को जनता से इस प्रकार की अपील करनी पड़ रही है तो यह स्पष्ट संकेत है कि देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय महंगाई दर नियंत्रित रहती थी और आम जनता को राहत मिलती थी। सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री और खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें सामान्य लोगों की पहुंच में थीं। कांग्रेस सरकार ने हमेशा गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है तथा ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं जिनका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण हर परिवार का घरेलू बजट बिगड़ चुका है और लोगों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। गुलाब कमरो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग करते हुए कहा कि देशहित और जनता के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार अपने गलत निर्णयों को वापस ले तथा पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, खाद और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल कम करे ताकि आम जनता को राहत मिल सके।






































