पाराडोल में पुलिस ने जगाई जागरूकता की अलख

---Advertisement---

 

एमसीबी/झगराखाण्ड। बदलते समय के साथ बढ़ रहे साइबर अपराध, नशे की समस्या और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से झगराखाण्ड थाना पुलिस ने ग्राम पाराडोल में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। ग्रामसभा के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को सुरक्षा, सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी झगराखाण्ड निरीक्षक वासुदेव परगनिहा और पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के नये तरीकों की जानकारी देते हुए सावधान रहने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल, बैंक खातों से संबंधित जानकारी साझा करना और ओटीपी बताना लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है। ग्रामीणों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान नशा मुक्ति पर भी विशेष जोर दिया गया। युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताई गई।

कार्यक्रम में 100 से अधिक ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामीणों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। पुलिस ने भी लोगों से कानून व्यवस्था बनाये रखने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल साझा करने की अपील की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment