पानी संकट पर कोयला मजदूर सभा का अल्टीमेटम असरदार
24 घंटे के भीतर हरकत में आया प्रबंधन, महाप्रबंधक ने माना चूक — टैंकरों से शुरू हुई जल आपूर्ति, मशीनें दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी
जमुना-कोतमा क्षेत्र की कॉलोनियों में पिछले कई दिनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर श्रमिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गंभीर जल समस्या से परेशान श्रमिक परिवारों की आवाज को बुलंद करते हुए कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने 17 मई 2026 को प्रबंधन को एक सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इसी मुद्दे को लेकर रविवार 18 मई 2026 को शाम 5:30 बजे महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में महाप्रबंधक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोयला मजदूर सभा के पदाधिकारियों एवं प्रबंधन के बीच लंबी चर्चा हुई। माहौल काफी गर्म रहा और संगठन ने श्रमिकों की परेशानियों को जोरदार तरीके से उठाया।
बैठक में महाप्रबंधक ने पानी सप्लाई व्यवस्था में हुई चूक को स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि खराब मशीनों को युद्धस्तर पर ठीक कराया जा रहा है और सोमवार शाम तक जलापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। प्रबंधन की ओर से बताया गया कि संगठन का ज्ञापन मिलते ही महाप्रबंधक संचालन के नेतृत्व में स्टॉफ ऑफिसर तथा तकनीकी टीम लगातार मशीनों की मरम्मत में जुट गई है। वर्कशॉप से अतिरिक्त सहयोग लेकर पंप एवं अन्य उपकरणों को शीघ्र चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रबंधन ने तत्काल राहत के तौर पर जमुना टाउनशिप में टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई शुरू करा दी है। अधिकारियों ने कहा कि जब तक नियमित जलापूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती, तब तक जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर कोयला मजदूर सभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने कहा कि उनका संगठन मजदूर हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि संगठन केवल कार्यालयों के चक्कर लगाने में विश्वास नहीं करता बल्कि मजदूरों की समस्याओं को अधिकारपूर्वक प्रबंधन के सामने रखकर समाधान कराने में विश्वास रखता है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में जब भी कोई गंभीर समस्या आती है, श्रमिकों का भरोसा कोयला मजदूर सभा पर ही टिकता है और संगठन उस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करता है।
श्री शुक्ला ने श्रमिकों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि श्रमिकों के सहयोग, स्नेह और समर्थन से ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और मजदूर हितों की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ पा रहा है। बैठक के बाद श्रमिकों में जल्द जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है।






































