NCL को मिला नया नेतृत्व, SECL के एन. फ्रैंकलिन जयकुमार CMD पद के लिए अनुशंसित
PESB ने की सिफारिश, तीन दशक से अधिक के खनन अनुभव और उत्कृष्ट नेतृत्व को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बिलासपुर। सार्वजनिक क्षेत्र के कोयला उद्योग के लिए बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (तकनीकी) (ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए अनुशंसित किया है। इस उपलब्धि पर एसईसीएल परिवार में खुशी का माहौल है और अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की है।
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी) (परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी) (ऑपरेशंस) के रूप में कंपनी के उत्पादन, खनन संचालन और तकनीकी गतिविधियों का सफल नेतृत्व कर रहे हैं।
एसईसीएल में आने से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-II एवं III ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल संचालन किया और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इससे पूर्व उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) में लगभग 18 वर्षों तक सेवाएं देते हुए अत्यधिक यंत्रीकृत भूमिगत एवं खुली कोयला खदानों के संचालन का व्यापक अनुभव अर्जित किया। उन्होंने इंडोनेशिया में पांच मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का भी पांच वर्षों तक सफल नेतृत्व किया, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खनन प्रबंधन का अनुभव प्राप्त हुआ।
शैक्षणिक दृष्टि से भी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार का रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। इसके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए की उपाधि प्राप्त की है। वे महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।
खनन संचालन के साथ-साथ उन्होंने खान सुरक्षा, कौशल विकास और नीतिगत सुधारों के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर (SCMS) के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं तथा तमिलनाडु माइन्स सेफ्टी एसोसिएशन में कई नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा भारत सरकार के कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना (क्राइसिस मैनेजमेंट प्लान) के निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन व्यवस्था का अहम हिस्सा मानी जाती है।
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार के NCL के CMD पद के लिए अनुशंसित होने को कोयला उद्योग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। एसईसीएल परिवार ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और उत्पादन, सुरक्षा तथा तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।



































