सीबीआई जांच और फास्ट ट्रैक ट्रायल की मांग
मनेन्द्रगढ़। कोरिया जिले के विकासखंड सोनहत अंतर्गत ग्राम नौगई में रेत उत्खनन को लेकर हुए तिहरे हत्याकांड को लेकर कांग्रेस नेता ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य और जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के जिला महामंत्री शरण सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि रेत विवाद में तीन लोगों की जघन्य हत्या और दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना प्रदेश में कानून व्यवस्था की विफलता का संकेत है।
शरण सिंह ने बताया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने मृतकों की कार में आग लगाकर तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी जबकि दो घायल व्यक्तियों का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह प्रदेश में बढ़ते अपराध और रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव का परिणाम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत माफिया, उद्योगपति और अन्य प्रभावशाली समूह प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहे हैं जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के तहत ग्राम सभाओं को प्राप्त अधिकारों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि नौगई हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाये और फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाये साथ ही मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये और घायलों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में गौण खनिजों के निजी ठेके तत्काल निरस्त कर पंचायतों और महिला समूहों को आवंटित करने तथा रेत, गिट्टी और मुरूम जैसे गौण खनिजों का अधिकार ग्राम पंचायतों को सौंपने की मांग भी की।
शरण सिंह ने कहा कि यदि सरकार इन मांगों पर गंभीरता से कार्यवाही नहीं करती है तो प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों को लेकर विवाद और हिंसक घटनाएं बढ़ सकती हैं जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।



































