नौगई तिहरे हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्यवाही
फरार सभी 5 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड मामले में कोरिया और एमसीबी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे सभी 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश और आरोपियों के परिजनों और सहयोगियों पर बनाये गये दबाव के बाद आरोपी कानून के सामने झुक गए।पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन में एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरिया डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में एमसीबी और कोरिया पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
गौरतलब है कि 16 जून की रात सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में आपसी रंजिश के चलते कार में आग लगाने की घटना हुई थी जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। मामले में प्रार्थी आदित्य सिंह पिता भारत कुमार सिंह निवासी महलपारा बैकुंठपुर की रिपोर्ट पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 191(3), 109, 324, 103(1), 326(G) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद 20 जून 2026 को फरार सभी 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में निशांत त्रिपाठी पिता सत्य कुमार त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी पिता राममिलन त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी पिता महेंद्र त्रिपाठी, गौरव त्रिपाठी पिता अंजनी त्रिपाठी और आशुतोष त्रिपाठी पिता मनोज त्रिपाठी सभी निवासी ग्राम नौगई थाना सोनहत शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।



































