मिक्सिंग प्लांट में मिली बड़ी मात्रा में रेत, संचालक को नोटिस जारी
एमसीबी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन की कार्यवाही लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने नागपुर रेलवे स्टेशन के समीप संचालित एक मिक्सिंग प्लांट का निरीक्षण कर अवैध रेत भंडारण की जांच की।
बताया गया कि 29 मई को एक समाचार पत्र में क्षेत्र में रेत के अवैध भंडारण से संबंधित खबर प्रकाशित हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खनिज विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिये। इसके बाद खनिज उड़नदस्ता दल मौके पर पहुंचा और प्लांट परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने प्लांट संचालक से रेत के भंडारण, परिवहन और वैधता से जुड़े दस्तावेज एवं ट्रांजिट पास प्रस्तुत करने कहा लेकिन मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराये जा सके।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज का भंडारण नियमों का उल्लंघन है। मामले में संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी। प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिये लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।





































