भाजपा ने उठाए गंभीर सवाल, निष्पक्ष जांच और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
अनूपपुर। बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की संदिग्ध मौत और घटना के कथित चश्मदीद गवाह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर ने दोनों घटनाओं को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार तथा पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की गई है।
भाजपा के अनुसार 20 मई 2026 को बिजुरी निवासी नाबालिग युवती की गंभीर हालत में शासकीय चिकित्सालय में मृत्यु हुई थी। पार्टी नेताओं ने कहा कि मृतका के परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा इसे सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला बताया जा रहा है।
इसके साथ ही भाजपा ने आरोप लगाया कि घटना के कथित प्रत्यक्षदर्शी की 23 मई को बोरिडांड रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पार्टी ने पुलिस की प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, आवश्यकता होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाकर आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रखा जाए।





































