अनूपपुर 12 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण तथा शासकीय सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को पूर्व निर्धारित स्थान पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त 2026 को आईटीआई कैम्पस अनूपपुर में द्वितीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नगरपालिका अनूपपुर, जनपद पंचायत अनूपपुर, तहसील अनूपपुर, थाना अनूपपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जन-सुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा एवं निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में शिविर में उपस्थित होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार अभियान के तहत संबंधित क्षेत्र में शासकीय कार्यालयों एवं सेवा प्रदाता केन्द्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, राशन दुकान, पुलिस थाना एवं अन्य शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
14 अगस्त के शिविर के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल को नोडल अधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी अनूपपुर श्री शशांक आर्मो को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी लंबित शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर में सहभागिता करें।


































