मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर में एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब की द्वितीय यूनिट का किया उद्घाटन
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड की द्वितीय विनिर्माण इकाई का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कंपनी परिसर का अवलोकन किया तथा आधुनिक मशीनों एवं उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी कंपनी के पदाधिकारियों से प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने नई इकाई के शुभारंभ पर कंपनी प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा
कि पीथमपुर का औद्योगिक क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी पहचान बना चुका है। यहां स्थापित उद्योग न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहे हैं, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित कर रहे हैं। एटीएफसी आदित्य टेक्नो फेब प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रेलवे क्षेत्र से जुड़कर उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों का निर्माण किया जाना मालवा अंचल के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निवेश, नवाचार और आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहन देने के साथ उद्योगों को आवश्यक अधोसंरचना एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मध्यप्रदेश देश का अग्रणी औद्योगिक राज्य बनकर उभर रहा है



































