पानी के लिये तरस रहे हैं लोग
मनेन्द्रगढ़। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती का असर अब सीधे पेयजल व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। घंटों बिजली बंद रहने से जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है जिसके कारण कई वार्डों में लोगों को पानी के लिये परेशान होना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बढ़ती समस्या को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के पार्षद और जल शाखा प्रभारी दयाशंकर यादव ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने बताया कि चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल, हसदेव इंटकवेल और जलगृह की विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने से पूरे शहर की जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पार्षदों के अनुसार चैनपुर स्थित नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से बिजली सप्लाई दी जा रही है जहां लगातार ट्रिपिंग और कटौती की समस्या बनी हुई है। इसके चलते शहर के कई मोहल्लों में नियमित पानी नहीं पहुंच पा रहा। लोगों को गर्मी के मौसम में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
नगरपालिका प्रतिनिधियों ने मांग की है कि नवीन इंटकवेल को केल्हारी फीडर से हटाकर शहरी फीडर से जोड़ा जाये ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और जलापूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता का आक्रोश बढ़ सकता है।
इस संबंध में पार्षद दयाशंकर यादव के साथ सरजू यादव, विनीत जायसवाल, रामधुन जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, सुशील सिंह, सपन महतो, अजीमुद्दीन अंसारी (गुड्डा भैया) और बृजेश जायसवाल ने भी विद्युत विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की है।
शहरवासियों का कहना है कि गर्मी के इस दौर में बिजली और पानी दोनों की समस्या ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और विद्युत विभाग की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।





































