मनेन्द्रगढ़ में बढ़ती चोरी और नशाखोरी पर पार्षद स्वप्निल सिन्हा का हमला, पार्षद इमरान खान ने भी उठाई आवाज
वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद ने पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे के कारोबार पर सख्त कार्यवाही की रखी मांग
मनेन्द्रगढ़। शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से प्रभावी और सख्त कार्यवाही की मांग की है। इससे पहले वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद इमरान खान भी मौहारपारा सहित शहर में बढ़ती चोरी और नशाखोरी का मुद्दा उठा चुके हैं। अब स्वप्निल सिन्हा के सामने आने से शहर की कानून व्यवस्था और नशे के खिलाफ कार्यवाही को लेकर जनप्रतिनिधियों की चिंता सामने आई है
पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ शहर के अलग अलग क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आना गंभीर चिंता का विषय है वहीं नशे के बढ़ते प्रभाव के कारण असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं से आम नागरिक अपने घर, दुकान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही नशे के कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाया जाना चाहिये। केवल घटना होने के बाद कार्यवाही करने के बजाय पुलिस को ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर नियमित निगरानी करनी चाहिये जहां नशाखोरी या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं
स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं की जांच में तेजी लाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा किसी भी शहर की पहली प्राथमिकता होनी चाहिये। यदि चोरी और नशाखोरी जैसी समस्याओं पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका सीधा असर शहर के माहौल और आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ेगा। पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाये और नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम किया जाये साथ ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिये पुलिस की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाये।



































































